अंबिकापुर से शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, आवासीय कॉलोनियों को हरित बनाने पर जोर

अंबिकापुर। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत अंबिकापुर से की। सरगवां स्थित अटल विहार योजना में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने पौधरोपण किया। इस दौरान आवासीय योजना में पूर्ण किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेश अग्रवाल ने कहा कि पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भाव भी है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम पर पौधा लगाने और उसे बड़ा होने तक उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अभियान के तहत अब तक करीब सवा सात करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरगवां की अटल विहार कॉलोनी में लंबे समय से बाउंड्रीवाल की मांग की जा रही थी। गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव की पहल से इसका निर्माण पूरा हुआ और कार्यक्रम में इसका लोकार्पण किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष लगाए गए पौधों की कॉलोनीवासियों द्वारा देखभाल किए जाने से उनमें से कई अब पेड़ का रूप ले चुके हैं।

प्रदेश की अन्य आवासीय योजनाओं तक पहुंचेगा अभियान

गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि अंबिकापुर से शुरू किए गए अभियान को मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों तक भी पहुंचाया जाएगा। अभियान को चरणबद्ध तरीके से संचालित करते हुए लोगों को पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मंडल की कोशिश आवासीय कॉलोनियों में हरित क्षेत्र बढ़ाने की है, ताकि लोगों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल आवासीय वातावरण मिल सके। इसके लिए स्थानीय निवासियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बनाया जाएगा।

9.70 एकड़ में विकसित हुई अटल विहार योजना

कार्यक्रम के दौरान अटल विहार योजना में बाउंड्रीवाल और ओपन जिम सहित अन्य सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। गृह निर्माण मंडल द्वारा सरगवां में 9.70 एकड़ भूमि पर लगभग 38.59 करोड़ रुपये की लागत से 251 भवनों का निर्माण एवं विकास किया गया है।

योजना में 14 HIG, 12 सीनियर MIG, 40 जूनियर MIG, 63 LIG और 122 EWS श्रेणी के भवन शामिल हैं। योजना के तहत बाउंड्रीवाल, डब्ल्यूएमएम सड़क सहित अन्य निर्माण एवं विकास कार्य भी पूरे किए गए हैं। इन सुविधाओं से कॉलोनीवासियों को बेहतर आवासीय माहौल के साथ जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने दिया हरियाली का संदेश

कार्यक्रम में अटल विहार कॉलोनी के बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों के माध्यम से पौधों के संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने की। अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सरगुजा निरुपा सिंह, नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत सदस्य सरगुजा दिव्या सिंह सिसोदिया, भारत सिंह सिसोदिया, अखिलेश सोनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर जनप्रतिनिधियों और मंडल के अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।