देर रात बार से बीयर देने का वीडियो वायरल, पुलिस ने मैनेजर और गार्ड को पकड़ा
पंडरी के सोनू बार एंड रेस्टोरेंट का मामला; CCTV का DVR जब्त, लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित
रायपुर। पंडरी स्थित सोनू बार एंड रेस्टोरेंट से देर रात बीयर उपलब्ध कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में बार का गार्ड एक व्यक्ति को बीयर की बोतल देते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो की जानकारी मिलने के बाद देवेंद्र नगर पुलिस ने मामले को जांच में लिया और बार प्रबंधन से जुड़े दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक 2 सितंबर को टीम ने बार पहुंचकर वायरल वीडियो के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान बार मैनेजर कानू चरण दास और गार्ड रमाकांत द्विवेदी से पूरे घटनाक्रम को लेकर जानकारी ली गई। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
CCTV से होगी पूरे मामले की पुष्टि
पुलिस ने जांच के दौरान बार परिसर में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने कब्जे में लिया है। अब रिकॉर्डिंग की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति को किस समय और किन परिस्थितियों में बीयर की बोतल दी गई थी। CCTV फुटेज के आधार पर वायरल वीडियो में सामने आए घटनाक्रम की पुष्टि की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वीडियो दो-तीन दिन पहले सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसमें देर रात बार के गार्ड द्वारा एक अज्ञात व्यक्ति को बीयर की बोतल दिए जाने का दृश्य दिखाई देने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की।
बार लाइसेंस पर भी कार्रवाई की तैयारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की ओर से सोनू-मोनू बार के लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है। पुलिस का कहना है कि CCTV जांच और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
कार्रवाई में बार मैनेजर कानू चरण दास (45), निवासी तेलीबांधा और गार्ड रमाकांत द्विवेदी (48), निवासी झंडा चौक पंडरी शामिल हैं। दोनों के खिलाफ BNSS की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
