भाठागांव में 11.69 लाख की लागत से बने नए आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण

रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भाठागांव स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में क्षेत्रवासियों को एक नई सुविधा की सौगात मिली। भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक 67 के अंतर्गत नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 5 क्षेत्र में 11 लाख 69 हजार रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित नवीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन का लोकार्पण रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने किया।

नवीन भवन के शुरू होने से क्षेत्र के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और बाल विकास से जुड़ी सुविधाएं बेहतर वातावरण में उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से महिलाओं और बच्चों से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं के संचालन में भी सुविधा होगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक 67 की पार्षद ममता तिवारी, नगर निगम जोन क्रमांक 5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में भाठागांव बीएसयूपी कॉलोनी के रहवासी, महिलाएं, बच्चे, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। स्थानीय लोगों ने नए आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण को क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप महत्वपूर्ण सुविधा बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।