स्नेह की डोर ने जोड़े रिश्ते, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में राजधानी में मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव

रायपुर। राजधानी रायपुर में रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता को समर्पित ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर पालिक निगम के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की आत्मीयता को अभिव्यक्त किया। वहीं, बड़ी संख्या में बहनों ने अर्धसैनिक बलों के जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की।

समारोह में रायपुर जिला प्रभारी मंत्री एवं वन, जलवायु परिवर्तन तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रामप्रताप सिंह, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और आपसी स्नेह के संदेश से जोड़ते हुए एक भावपूर्ण वातावरण तैयार किया। बहनों द्वारा सुरक्षा बलों के जवानों को राखी बांधना समाज और राष्ट्र की सुरक्षा में उनके योगदान के प्रति सम्मान एवं आभार का प्रतीक बना।