महाराष्ट्र के अमरावती में अस्पताल के चाइल्ड यूनिट में भीषण आग: 3 नवजातों की मौत, 39 बच्चे भर्ती थे; वेंटिलेटर में धमाके से हादसा
अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस दुखद हादसे में 3 नवजात शिशुओं की मौत हो गई।
घटना अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में हुई, जिसके बाद देखते ही देखते पूरी मंजिल पर धुएं का गुबार फैल गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित निकाले गए बच्चे
आग लगने के समय NICU में कुल 39 नवजात बच्चे भर्ती थे। हादसा होते ही अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अमरावती के पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के अनुसार:
-
NICU के तीन कंपार्टमेंट में से एक में 9 नवजात बच्चे भर्ती थे।
-
आग की सीधी चपेट में आने से इनमें से 3 नवजात शिशुओं की मौत हो गई।
-
बाकी 6 बच्चों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।
वेंटिलेटर और AC में ब्लास्ट की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हादसे का कारण NICU में लगे वेंटिलेटर के अंदर हुआ धमाका माना जा रहा है। वेंटिलेटर में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैली। इसके साथ ही यूनिट में लगे AC में भी ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारण चाइल्ड केयर यूनिट में रखे कई महंगे मेडिकल उपकरण जलकर राख हो गए।
CM देवेंद्र फडणवीस ने दिए हाईलेवल जांच के आदेश
घटना पर गहरा दुख जताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की हाईलेवल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-
अधिकारियों को निर्देश: CM ने स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के सचिव को तत्काल अमरावती पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया है।
-
आर्थिक सहायता: राज्य सरकार की ओर से मृत नवजातों के शोकाकुल परिवारों को ₹5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया गया है।
