रायपुर : नारायणपुर से शुरू हुई बस्तर तिरंगा यात्रा
रायपुर (UPI24 News)। बस्तर में शांति, एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर नारायणपुर जिला मुख्यालय के हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का शुभारंभ हुआ। इस यात्रा का नेतृत्व छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा तथा वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने खुद बाइक पर तिरंगा लेकर किया। क्षेत्र के समाज प्रमुखों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
बाइक चलाकर मंत्रियों ने फूंका विकास का बिगुल
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने बाइक चलाकर बस्तर में विकास और शांति का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों और युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। यात्रा 12 अगस्त से शुरू होकर 14 अगस्त तक बस्तर के पूर्व में भीषण माओवाद प्रभावित रहे क्षेत्रों से गुजरेगी और 14 अगस्त को बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराकर समाप्त होगी।
90 से अधिक गांवों में पहली बार फहरेगा तिरंगा
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि नारायणपुर का चयन विशेष उद्देश्य से किया गया है, क्योंकि यह क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी नीति से इसे समाप्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे गांव हैं, जहां आजादी के बाद पहली बार तिरंगा लहराएगा। अब बस्तर के कोने-कोने में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान पूर्ण रूप से लागू हो रहा है।
शहीदों की स्मृति में बने स्मारक के लिए एकत्रित होगी माटी
वन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक श्री केदार कश्यप ने कहा कि कभी नक्सल गतिविधियों का केंद्र रहे क्षेत्रों से आज तिरंगा यात्रा निकल रही है। यह यात्रा उन स्थानों से मिट्टी एकत्रित करेगी, जहां हमारे जवानों और नागरिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है। इस पवित्र माटी का उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा।
यात्रा का मार्ग
-
पहला दिन (12 अगस्त): नारायणपुर से शुरू होकर मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार, बारसूर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची।
-
दूसरा दिन (13 अगस्त): दंतेवाड़ा से सुकमा और बीजापुर के क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
-
तीसरा दिन (14 अगस्त): बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी, ताड़पाला होते हुए कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर समापन होगा।
इस अवसर पर बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, एसपी श्री संदीप कुमार पटेल, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।
