रायपुर: दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, CM साय ने ‘सहारा’ प्रोजेक्ट के तहत बांटे 3.58 करोड़ के उपकरण; इंडोर स्टेडियम के लिए 7 करोड़ की घोषणा

रायपुर (03 अगस्त 2026):

दिव्यांगजनों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 1,739 दिव्यांगजनों को 3.58 करोड़ रुपये के सहायक उपकरण वितरित किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने दिया आत्मगौरव का भाव: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री साय ने संबोधित करते हुए कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने दिव्यांगजनों के प्रति देश की सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने न केवल कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार किया, बल्कि उन्हें ‘दिव्यांग’ कहकर सम्मान और आत्मगौरव का नया भाव भी दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर जिले में विशेष अभियान चलाकर 1600 से अधिक दिव्यांगजनों की पहचान की गई, जिसके लिए केंद्र सरकार से 3.58 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई। इसके तहत मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम अंग और वैशाखी जैसे आधुनिक उपकरण वितरित किए गए।

प्रोजेक्ट ‘सरल’ और ‘गोल्डन आवर’ का शुभारंभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रायपुर जिला प्रशासन की संवेदनशील पहलों की सराहना करते हुए प्रोजेक्ट ‘सरल’ एवं प्रोजेक्ट ‘गोल्डन आवर’ का औपचारिक शुभारंभ किया। साथ ही “नवाचार से प्रगति पथ पर अग्रसर रायपुर” कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ ऐप के माध्यम से प्रदेश में 36 विभागों की 500 से अधिक सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक श्री सुनील सोनी, विधायक श्री अनुज शर्मा, विधायक श्री इंद्रकुमार साहू, रायपुर कलेक्टर श्री गौरव सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।