सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हटकेश्वरनाथ में गणेश स्वरूप का श्रृंगार

रायपुर/गरियाबंद। सावन के पहले सोमवार के अवसर पर प्रदेशभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात से ही भक्त भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए लंबी कतारों में नजर आए।

रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में रात 2 बजे से विशेष पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। इस अवसर पर शिवलिंग का भगवान गणेश के दिव्य स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

वहीं गरियाबंद स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कांवड़िए पवित्र जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए मंदिर परिसर एवं आसपास विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया है, जहां कांवड़ियों को भोजन, फल और पेयजल वितरित किया जा रहा है।

सावन के पहले सोमवार पर प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु सुगमता से भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर सकें।