रायपुर: मेहनतकश श्रमिकों के जीवन में शासन की योजनाएं ला रही महत्वपूर्ण परिवर्तन – विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

रायपुर, 31 जुलाई।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित ‘श्रमिक सम्मेलन एवं जनकल्याणकारी योजना राशि वितरण कार्यक्रम’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 1,802 श्रमिक हितग्राहियों के बैंक खातों में 3 करोड़ 43 लाख 74 हजार 970 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे अंतरित की।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव तथा कलेक्टर जितेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।

1 वर्ष में दोगुना करें श्रमिकों का पंजीयन

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में श्रमिकों के पंजीयन के लक्ष्य को बढ़ाया जाए। वर्तमान में जिले में ‘भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल’ में 1,53,383 तथा ‘असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा मंडल’ में 1,18,608 श्रमिक पंजीकृत हैं। डॉ. सिंह ने जिला पंचायत के माध्यम से हर ग्राम पंचायत में विशेष शिविर लगाकर एक वर्ष के भीतर पंजीयन की संख्या को दोगुना करने के निर्देश दिए।

श्रमिकों और मेधावी बच्चों के लिए विशेष योजनाएं

डॉ. रमन सिंह ने राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया:

  • मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना: 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची (Top 10) में आने वाले श्रमिक बच्चों को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा दोपहिया वाहन खरीदने के लिए 1 लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है।

  • दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना: महिला श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ई-रिक्शा क्रय पर 1,50,000 रुपये तक का अनुदान मिलता है।

  • अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना: निर्माण श्रमिकों के दो बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान की जाती है।