छत्तीसगढ़ में बड़ा शिक्षा सुधार: स्कूलों में एक ही टाइम-टेबल पर होंगी तिमाही-अर्धवार्षिक परीक्षाएं, पेपर लीक रोकने जिला समितियों को कमान
रायपुर (UPI24 News)। छत्तीसगढ़ के स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए शासन ने पहली बार राज्य भर के स्कूलों के लिए एक समान परीक्षा पैटर्न लागू करने का निर्णय लिया है। प्रदेश में कक्षा 1 से 12वीं तक की तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाएं पूरे राज्य में एक ही टाइम-टेबल पर आयोजित की जाएंगी।
पेपर लीक और प्रश्न पत्रों की गोपनीयता भंग होने जैसी घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी जिला स्तरीय समितियों को सौंपी गई है।
मुख्य बदलाव और महत्वपूर्ण बिंदु:
-
एक राज्य, एक टाइम-टेबल: प्रदेश के सभी सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में कक्षा 1वीं से 12वीं तक की तिमाही व छमाही परीक्षाएं एक ही दिन और एक ही समय पर होंगी।
-
जिला स्तरीय समितियां: पेपर सेट करने, छपाई और परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने की पूरी जिम्मेदारी जिला स्तरीय परीक्षा समिति की होगी।
-
पेपर लीक पर लगेगी लगाम: अलग-अलग तारीखों में परीक्षा होने से होने वाली गड़बड़ियों और पर्चा लीक की शिकायतों पर इस व्यवस्था से पूर्ण विराम लगेगा।
शिक्षा विभाग के इस कदम से राज्य में शैक्षणिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन होगा और पठन-पाठन की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
