भारी-भरकम बिजली बिलों पर छत्तीसगढ़ में बवाल: बंद घरों में भी आया 36,000 रुपये का बिल; मीटर उखाड़कर दफ्तर पहुंचे उपभोक्ता, कांग्रेस ने घेरा
रायपुर (UPI24 News)। राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में बिजली बिलों को लेकर जनआक्रोश चरम पर पहुंच गया है। सामान्य घरों और कई महीनों से बंद पड़े फ्लैटों में हजारों रुपये (36,000 रुपये तक) के अनाप-शनाप और भारी-भरकम बिजली बिल थमाए जाने से परेशान उपभोक्ताओं का धैर्य आखिरकार टूट गया।
गुस्साए उपभोक्ता अपने-अपने घरों के बिजली मीटर उखाड़कर सीधे विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
बंद पड़े फ्लैटों में भी आ रहे हजारों के बिल
प्रभावित उपभोक्ताओं का आरोप है कि जो मकान या फ्लैट महीनों से बंद पड़े हैं, वहां भी विभाग द्वारा मनमाने तरीके से 30 हजार से 36 हजार रुपये तक के बिल भेजे जा रहे हैं। मीटर रीडिंग और वास्तविक खपत में भारी गड़बड़ी के कारण आम जनता आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलने को मजबूर है। शिकायत करने पर भी अधिकारियों द्वारा कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिल रहा है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
इस मुद्दे पर राजनीति भी गर्मा गई है। विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरते हुए कड़ा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार सरकारी योजनाओं का ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन दूसरी तरफ भारी-भरकम और फर्जी बिजली बिलों के जरिए जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। कांग्रेस ने इसे योजनाओं की आड़ में आम जनता से की जा रही ‘अप्रत्यक्ष वसूली’ करार दिया है।
