छत्तीसगढ़ में 30 जुलाई को ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’, एक पेड़ मां के नाम से प्रेरित अनोखी पहल
रायपुर, 25 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर प्रदेश में पहली बार 30 जुलाई को ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ का व्यापक आयोजन किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य की मातृशक्ति को सीधे पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और वृक्षारोपण को एक जनआंदोलन का रूप देना है।
आंगनबाड़ी केंद्रों से हो रहा निःशुल्क पौधों का वितरण
मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देशों के अनुरूप बालोद जिला प्रशासन सहित पूरे प्रदेश में वन, महिला एवं बाल विकास और पंचायत विभाग अभियान की तैयारियों में जुट गए हैं।
ग्राम पंचायतों के सहयोग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं और अन्य इच्छुक महिलाओं को निःशुल्क पौधे उपलब्ध करा रही हैं। 30 जुलाई को महिलाएं अपने घरों, आंगनबाड़ी केंद्रों या सार्वजनिक स्थलों पर ये पौधे रोपेंगी।
पौधरोपण कर पाएं डिजिटल प्रमाण-पत्र
इस अभियान को और अधिक रोचक बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। पौधरोपण के बाद महिलाएं अपने रोपे गए पौधे के साथ फोटो खींचकर निर्धारित सेल्फी लिंक पर अपलोड कर सकती हैं, जिसके बाद उन्हें पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए डिजिटल सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
हरित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह अभियान मातृशक्ति, प्रकृति और सामाजिक दायित्व का एक अद्भुत संगम है। इससे न केवल प्रदेश का हरित क्षेत्र बढ़ेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई मिसाल कायम होगी।
