रायपुर: लोककला की महान साधिका डॉ. तीजन बाई की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाएगी राज्य सरकार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की बड़ी घोषणाएं
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग जिले के ग्राम गनियारी पहुंचे, जहां उन्होंने विश्वविख्यात पंडवानी गायिका, पद्मश्री, पद्मभूषण एवं पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई के दशगात्र एवं श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने स्व. डॉ. तीजन बाई के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा शोकसंतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री श्री साय ने स्व. डॉ. तीजन बाई के पुत्र श्री दिलहरण पारधी तथा परिवार के अन्य सदस्यों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया।
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान थीं डॉ. तीजन बाई: मुख्यमंत्री
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्व. डॉ. तीजन बाई केवल छत्तीसगढ़ की नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान थीं। उन्होंने अपनी विलक्षण प्रतिभा, अद्भुत साधना और पंडवानी की कापालिक शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया।
उन्होंने आगे कहा कि तीजन बाई का संपूर्ण जीवन लोककला, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन को समर्पित रहा। उनकी कला, साधना और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं:
-
डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण: राज्योत्सव के अवसर पर प्रतिवर्ष ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से लोक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।
-
स्कूल का नामकरण: ग्राम गनियारी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नामकरण अब स्व. डॉ. तीजन बाई के नाम पर किया जाएगा।
-
संग्रहालय में संरक्षित रहेगा तंबूरा: उनकी जीवनभर की कला-साधना के प्रतीक रहे तंबूरे को रायपुर के संग्रहालय में पूरे सम्मान के साथ संरक्षित रखा जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे कई दिग्गज
इस श्रद्धांजलि सभा को सांसद श्री विजय बघेल, प्रदेश के पर्यटन व संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल तथा विधायक पद्मश्री श्री अनुज शर्मा ने भी संबोधित किया। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, विधायक श्री डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, पद्मश्री श्री आर.एस. बारले सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न अंचलों से पहुंचे कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
