कश्मीर में बड़े आतंकी हमले की साजिश का अलर्ट

खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि जम्मू-कश्मीर में हिजबुल्लाह की तर्ज पर ड्रोन और आत्मघाती हमलों की तैयारी हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक 26 अप्रैल को लेबनान का रहने वाला संदिग्ध आतंकी शादाब बाजी पाकिस्तान के रास्ते भारत में दाखिल हुआ। उसके साथ 3 पाकिस्तानी आतंकियों के घुसपैठ की भी आशंका जताई गई है।

सूत्रों के अनुसार आतंकियों के निशाने पर कश्मीर के सैन्य ठिकाने हैं। सुरक्षा एजेंसियों को 6 संभावित टारगेट की जानकारी भी मिली है। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पुंछ के गगरिया और कुंडे नाला इलाके से घुसपैठ की और दो लोकल गाइडों ने उनकी मदद की।

खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि संदिग्ध आतंकी ड्रोन हमलों और आत्मघाती हमलों की ट्रेनिंग देने की तैयारी में हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है।

इसके अलावा ISI समर्थित गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी के जम्मू-कश्मीर और पंजाब के युवाओं के संपर्क में होने की बात भी सामने आई है। उस पर युवाओं का ब्रेनवॉश कर ग्रेनेड हमलों की ट्रेनिंग दिलाने का आरोप है।

फिलहाल सेना, पुलिस और खुफिया एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।