रायपुर में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, 9 दिन में तीसरी बार झटका

रायपुर में शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर इजाफा हुआ है। पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। अब राजधानी में पेट्रोल 105.19 रुपए और डीजल 98.29 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

सिर्फ 9 दिनों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई और 19 मई को भी दाम बढ़ाए गए थे। बढ़ती कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है।

डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ेगा, जिसका असर सब्जी, राशन और दूसरे जरूरी सामानों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। खेती-किसानी, बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी की आशंका है।

इस बीच ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए रायपुर प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की शिकायत 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर की जा सकती है।

तेल कंपनियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने और डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोरी के कारण फ्यूल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।