देशभर में मौसम का कहर: यूपी में आंधी-तूफान से 94 मौतें, राजस्थान-MP में हीटवेव का अलर्ट

नई दिल्ली/लखनऊ/जयपुर।

देशभर में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। एक तरफ उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या समेत करीब 30 जिलों में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान के कारण 94 लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज में सबसे ज्यादा 17 और भदोही में 16 लोगों की जान गई। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। बरेली में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। बांदा में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर राजस्थान में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। जैसलमेर लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है।

मध्य प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में भी हीटवेव का असर बना हुआ है। खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत 7 जिलों में तेज बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मई को देश के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में बिजली गिरने और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।