रायपुर में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का VIDEO वायरल, बच्चों और महिलाओं के हाथों में भी दिखे हथियार

रायपुर।

राजधानी रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा से जुड़ी बताई जा रही एक महिला नेता समेत कई लोग खुलेआम हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। सबसे चिंाजनक बात यह है कि वीडियो में बच्चों और महिलाओं के हाथों में भी हथियार दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। वीडियो में शादी समारोह के दौरान जश्न के बीच हथियारों का प्रदर्शन और कथित फायरिंग होती दिखाई दे रही है। घटना को लेकर लोगों ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं।

सूत्रों के अनुसार, वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस वायरल फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि बिना अनुमति हथियारों का उपयोग और फायरिंग की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि शादी और सार्वजनिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग गंभीर हादसों का कारण बन सकती है। इससे पहले भी देश के कई हिस्सों में ऐसी घटनाओं में लोगों की जान जा चुकी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है।