जोन-7 में राजस्व वसूली अभियान तेज, बकायादारों को मोबाइल पर दी जा रही सूचना

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन-7 में राजस्व वसूली अभियान को तेज कर दिया गया है। निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन-7 राजस्व विभाग की टीम बकायादारों से संपर्क कर उन्हें बकाया राशि जमा करने के लिए प्रेरित कर रही है।
जोन-7 जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव के निर्देश एवं जोन सहायक राजस्व अधिकारी विजय शर्मा के मार्गदर्शन में राजस्व कर्मचारियों की टीम क्षेत्र के सभी 7 वार्डों के बकायादारों को मोबाइल फोन और मैसेज के माध्यम से बकाया राशि की जानकारी दे रही है।
अधिकारियों द्वारा बकायादारों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जा रहा है कि वे नगर निगम रायपुर के राजस्व विभाग का सम्पूर्ण बकाया तत्काल अदा करें। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य राजस्व वसूली में तेजी लाना और नागरिकों को समय पर कर भुगतान के प्रति जागरूक करना है।