Pk अंदाज़ में यातायात जागरूकता: रायपुर पुलिस की अनोखी पहल


रायपुर। सड़क सुरक्षा माह–2026 के दूसरे दिन उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में रायपुर यातायात पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता को लेकर एक अभिनव पहल की गई। इसके तहत शहर के प्रमुख चौक–चौराहों पर पीके फिल्म के प्रतिरूप में कलाकारों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।
इस अनोखी पहल के अंतर्गत मोर पिरोहिल नाट्य संस्था के कलाकार को पीके फिल्म के नायक के स्वरूप में वेशभूषा पहनाकर एवं हेलमेट लगाकर शहर के चौक–चौराहों में उतारा गया। जागरूकता अभियान की शुरुआत शास्त्री चौक से की गई, जहाँ पीके स्टाइल में रोचक एवं प्रभावशाली अंदाज़ में वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई तथा सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कलाकारों द्वारा संवाद और अभिनय के माध्यम से लोगों को आकर्षित कर सकारात्मक संदेश दिया गया।
यातायात पुलिस द्वारा यह जागरूकता अभियान सड़क सुरक्षा माह के दौरान प्रतिदिन रायपुर शहर के विभिन्न चौक–चौराहों में चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों तक यातायात नियमों का संदेश पहुँचाया जा सके।

अपील
रायपुर पुलिस आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें।
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें
चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।