छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महतारी सदन, पहले चरण में 51 का लोकार्पण
महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार राज्यभर में महतारी सदन का निर्माण कर रही है। पहले चरण में 51 महतारी सदन पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इनका लोकार्पण करेंगे। इसके बाद रायपुर सहित 17 जिलों की महिलाएं इनका उपयोग कर सकेंगी।
महिलाओं के लिए सुविधाजनक ढांचा
लगभग 2507 वर्ग फीट क्षेत्र में बनाए गए महतारी सदन में महिलाओं के उपयोग के लिए हॉल, कमरा, किचन, स्टोर और दुकान उपलब्ध कराई गई है।
इन दुकानों में महिलाएं अपने हुनर से तैयार किए गए उत्पादों को सीधे बेच सकेंगी। सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में बाउंड्रीवाल, शौचालय और बोरवेल की भी व्यवस्था की गई है।
दो चरणों में 368 महतारी सदन
राज्य सरकार की योजना के अनुसार, दो चरणों में कुल 368 महतारी सदन बनाए जाएंगे।
-
पहला चरण (2024-25): 202 महतारी सदन स्वीकृत, प्रति सदन लागत 29.2 लाख रुपये।
-
दूसरा चरण (2025-26): 166 महतारी सदन स्वीकृत, प्रति सदन लागत 30 लाख रुपये। इसमें टीवी, डीटीएच, बर्तन और गैस चुल्हा जैसी सुविधाओं की राशि भी शामिल होगी।
ग्रामीण महिलाओं के लिए नया अवसर
महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार का मंच देंगे। यहां वे न केवल अपने उत्पाद तैयार कर सकेंगी बल्कि उन्हें सीधे उपभोक्ताओं तक भी पहुंचा पाएंगी। यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
