“अमेरिका ने छत्तीसगढ़ को बताया असुरक्षित, कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा”
अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें भारत के कुछ राज्यों में यात्रा को लेकर चेतावनी दी गई है। इनमें छत्तीसगढ़ को भी शामिल किया गया है, जहां नक्सल हिंसा के चलते यात्रा में सावधानी बरतने की बात कही गई है। एडवाइजरी सामने आने के बाद राज्य में सियासी तूफान खड़ा हो गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यही है अमृतकाल? प्रधानमंत्री जी की ट्रंप से दोस्ती का ये परिणाम है?” उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था चरमरा गई है, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, और ये एडवाइजरी हमारे लिए शर्मनाक है।
“रायपुर को छोड़कर कहीं सुरक्षित नहीं” – कांग्रेस विधायकों का हमला
कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी, कहा कि “अमेरिकी एडवाइजरी में रायपुर को छोड़कर राज्य की बाकी जगहों को असुरक्षित बताया गया है। यह हमारे राज्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किरकिरी है।”
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, “यह अफसोसजनक है कि देवी-देवताओं की धरती पर महिलाएं असुरक्षित हैं। विदेशी महिलाएं भी भारत में खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं – यह देश की छवि को धूमिल करता है।”
“बेटी बचाओ सिर्फ पोस्टर में सिमट गया” – कांग्रेस का आरोप
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को हाई रिस्क राज्य घोषित किया गया है, जो राज्य सरकार की विफलता का अंतरराष्ट्रीय प्रमाण है। टीएस सिंहदेव ने भी कहा कि “रेप, हिंसा और आतंक के मामलों ने भारत को बदनाम कर दिया है। ‘बेटी बचाओ’ अब सिर्फ एक नारा बनकर रह गया है।”
भाजपा का पलटवार – “कांग्रेस खुद अपने राज्य को बदनाम कर रही”
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि “जैसे राहुल गांधी विदेश जाकर भारत को बदनाम करते हैं, वैसे ही यहां कांग्रेस नेता अपने ही प्रदेश के खिलाफ झूठ फैला रहे हैं। अमेरिका ने छत्तीसगढ़ में यात्रा से मना नहीं किया, बल्कि सूचना देकर यात्रा की बात कही है।”
क्या कहती है अमेरिकी एडवाइजरी?
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत के कुछ क्षेत्रों में माओवादी (नक्सली) सक्रिय हैं, जो सरकारी अधिकारियों, पुलिस और सुरक्षाबलों पर हमले करते हैं। इन क्षेत्रों में छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, ओडिशा, मेघालय और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
इन राज्यों में अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों को यात्रा से पहले विशेष अनुमति लेनी होगी, हालांकि इन राज्यों की राजधानियों (जैसे रायपुर) की यात्रा पर अनुमति जरूरी नहीं है।
भारत, अमेरिका से ज्यादा सुरक्षित: रिपोर्ट का दावा
ग्लोबल पीस इंडेक्स 2025 की रिपोर्ट में भारत को अमेरिका से बेहतर स्थिति में बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत 115वें और अमेरिका 128वें स्थान पर है। यह बताता है कि कुल मिलाकर भारत में सुरक्षा की स्थिति अमेरिका की तुलना में अधिक स्थिर है।
