भारत की निर्णायक कार्रवाई: आतंक के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’, पाकिस्तान में घुसे भारतीय फाइटर जेट्स
आखिरकार भारत ने पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर दी है। मंगलवार आधी रात 1:05 बजे भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में एयर स्ट्राइक की। इस हमले में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की खबर है।
यह जवाबी कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद की गई है। इस हमले को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है, जो उन महिलाओं को समर्पित है, जिनके पतियों की आतंकियों ने हत्या की थी।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट बैठक में तीनों सेनाओं की सराहना की और कहा, “यह नया भारत है। यह तो होना ही था।” रिपोर्ट्स बताती हैं कि प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर को पूरी रात मॉनिटर किया।
सेना ने सुबह 10:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऑपरेशन की जानकारी दी। इसमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी, आर्मी की कर्नल सोफिया कुरैशी और एयरफोर्स की विंग कमांडर व्योमिका सिंह शामिल रहीं। दो मिनट का वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें आतंकी ठिकानों पर हमले की फुटेज दिखाई गई।
कर्नल कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका ने बताया कि ऑपरेशन रात 1:05 और 1:30 बजे के बीच चला, जिसमें 25 मिनट में 9 टारगेट तबाह किए गए। इनमें लॉन्चपैड्स और ट्रेनिंग सेंटर्स शामिल थे।


निशाना बने आतंकी ठिकाने:
-
सवाई नाला ट्रेनिंग सेंटर, मुजफ्फराबाद – लश्कर का ठिकाना, सोनमर्ग और पहलगाम हमले के आतंकियों ने यहीं ट्रेनिंग ली थी।
-
सैयदना बिलाल कैंप – हथियार और विस्फोटक की ट्रेनिंग।
-
गुरपुर कैंप, कोटली – पूंछ हमले के आतंकी यहीं प्रशिक्षित हुए थे।
-
बरनाला कैंप, भिम्बर – हथियार चलाने की ट्रेनिंग।
-
अब्बास कैंप, कोटली – आत्मघाती हमलावर तैयार किए जाते थे।
-
सरजल कैंप, सियालकोट – पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी यहीं ट्रेन हुए थे।
-
हिजबुल महमूना जाया कैंप – पठानकोट हमले की योजना यहीं बनी थी।
-
मरकज तैयबा, मुरीदके – अजमल कसाब और डेविड हेडली यहीं ट्रेन हुए।
-
मस्जिद सुभान अल्लाह, बहावलपुर – जैश-ए-मोहम्मद का हेडक्वार्टर।
पाकिस्तान की प्रतिक्रिया:
पाकिस्तान की ओर से तीन अलग-अलग बयान सामने आए:
-
रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भारत ने हवाई सीमा से मिसाइलें दागीं, जो नागरिक इलाकों पर गिरीं।
-
मीडिया का दावा – पाकिस्तानी सेना ने 6 भारतीय फाइटर जेट्स मार गिराए, जिनमें 3 राफेल, 2 मिग-29 और 1 सुखोई शामिल हैं।
-
ISPR ने कहा – भारत ने 24 मिसाइलें दागीं, 8 नागरिक मारे गए, 35 घायल, 2 लापता।
ISPR ने यह भी दावा किया कि लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर हाफिज अब्दुल मलिक मारा गया है।
बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मौलाना मसूद अजहर ने दावा किया कि बहावलपुर स्थित सुभान अल्लाह मस्जिद पर हमले में उसके परिवार के 10 सदस्य और 4 करीबी मारे गए। मृतकों में उसकी बहन, बहनोई, भतीजा-भतीजी और उनके बच्चे शामिल हैं।
पाकिस्तान की धमकी:
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि वे अपने चुने हुए समय, स्थान और तरीके से जवाब देने का अधिकार रखते हैं। नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की बैठक में भारत पर जानबूझकर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया गया और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया गया।
पाकिस्तानी बयान में कहा गया कि क्षेत्र में तनाव बढ़ाने की पूरी जिम्मेदारी भारत पर है और पाकिस्तान अपनी संप्रभुता का उल्लंघन कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
