भारत-पाक तनाव के बीच हाई अलर्ट, देशभर में मॉक ड्रिल और सीमाओं पर सख्ती
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और गहराता जा रहा है। एक तरफ पाकिस्तान की ओर से लगातार युद्ध की धमकियां मिल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ भारत में सुरक्षा तैयारियों को तेज कर दिया गया है। मंगलवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में एक अहम सुरक्षा बैठक हो रही है। वहीं, गृह मंत्रालय के निर्देश पर 7 मई को देशभर में 244 जगहों पर इमरजेंसी मॉक ड्रिल की जाएगी, जिनमें सीमा से सटे इलाकों और जम्मू-कश्मीर के 20 स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मॉक ड्रिल की निगरानी के लिए गृह सचिव ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ समीक्षा बैठक की है। सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है और पानी की सप्लाई रोके जाने से पाकिस्तान में जल संकट गहराने लगा है। पाकिस्तान की ओर से आशंका जताई गई है कि भारत कभी भी नियंत्रण रेखा पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है।

