गोवा के शिरगांव में भगदड़: लैराई जात्रा में 7 की मौत, 50 से ज्यादा घायल
गोवा के शिरगांव गांव में शुक्रवार रात श्री लैराई देवी की जात्रा के दौरान भारी भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में 20 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा उस समय हुआ जब हजारों श्रद्धालु मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। भीड़ के बीच एक दुकान के पास बिजली के तार से करंट लग गया, जिससे कुछ लोग गिर पड़े। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भगदड़ शुरू हो गई।
जानकारी के मुताबिक, जात्रा में करीब 30 से 40 हजार श्रद्धालु शामिल हुए थे। सुरक्षा के लिए एक हजार पुलिसकर्मी और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गई थी, लेकिन इतनी बड़ी संख्या को संभालने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और घायलों से अस्पताल में मुलाकात भी की। उन्होंने कहा कि गोवा में इस तरह की घटना पहली बार हुई है और राज्य सरकार सभी प्रभावितों को हरसंभव मदद देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
