पाकिस्तान ने आतंकवाद को समर्थन देकर खुद भुगता खामियाजा: बिलावल भुट्टो
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने कहा कि पाकिस्तान का आतंकवाद के साथ इतिहास रहा है, यह कोई सीक्रेट नहीं है। स्काई न्यूज ने गुरुवार को पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान पर बिलावल भुट्टो से सवाल पूछा था।
ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में एक आतंकी हमले के बाद कहा था कि पाकिस्तान 30 साल से आतंकवादियों को फंडिंग कर रहा है। बिलावल ने आसिफ के बयान का समर्थन किया और कहा कि पाकिस्तान ने अपनी गलतियों का अंजाम भुगता।
इस हमले के बाद शुक्रवार को NIA और फोरेंसिक टीम बायसरन घाटी में जांच करने पहुंची। इंटेलिजेंस सूत्रों ने बताया कि हमला करने वाले आतंकी दक्षिण कश्मीर के जंगलों में छिपे हैं। उनके पास राशन-पानी है, ऐसे में ये इन पहाड़ी इलाकों में लंबे समय तक रह सकते हैं।
हमले में 22 अप्रैल को 26 टूरिस्ट की मौत हो गई थी।
पाकिस्तान ने 9 नागरिकों को वापस लेने से इनकार किया
पाकिस्तानी अधिकारियों ने अटारी बॉर्डर पर पहुंचे 9 नागरिकों को वापस लेने से इनकार कर दिया। भारत सरकार के आदेश के बाद ये लोग अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान वापस जाने के लिए पहुंचे थे। पाकिस्तानी अधिकारियों ने इसका कारण नहीं बताया है।
भारत पर 10 लाख साइबर अटैक
महाराष्ट्र साइबर ने शुक्रवार को बताया कि हमले के बाद इंडियन सिस्टम पर 10 लाख साइबर अटैक हुए हैं। महाराष्ट्र पुलिस की साइबर क्राइम डिटेक्शन विंग ने कहा कि 22 अप्रैल को हुए हमले के बाद साइबर अटैक में तेजी आई है। महाराष्ट्र साइबर डिपार्टमेंट के डीजीपी यशस्वी यादव ने कहा कि इन अटैक्स में भारतीय वेबसाइट और पोर्टल्स को टारगेट किया गया। ज्यादातर हैकिंग ग्रुप्स ने खुद को इस्लामिक ग्रुप बताया।
LoC पर लगातार सीजफायर वॉयलेशन
हमले के बाद पाकिस्तानी सेना ने लगातार 8वें दिन LoC पर सीजफायर वायलेशन किया। इसके अलावा इंटरनेशनल बॉर्डर पर मौजूद जम्मू-कश्मीर के 5 इलाकों पर भी सीजफायर वायलेशन किया गया। इस फायरिंग को देखते हुए कम्युनिटी और दूसरे बंकरों को तैयार करना शुरू कर दिया गया है ताकि फायरिंग बढ़ने पर इनका इस्तेमाल किया जा सके।
UNSC में भारत-पाक मसले पर बैठक संभव
संयुक्त राष्ट्र में ग्रीस के पर्मानेंट मेंबर इवानगेलोस सेकेरीस ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मसले पर जल्द मीटिंग हो सकती है। उन्होंने कहा कि इसमें देर होने से अच्छा है कि यह पहले ही हो जाए। इससे दोनों देशों के बीच तनाव कम किया जा सकता है।
