रायपुर में हिट एंड रन: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, एक की मौत, दो घायल

रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन की घटना सामने आई है। मॉर्निंग वॉक के लिए निकली तीन महिलाओं को एक तेज रफ्तार सफेद कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक महिला लगभग 20 फीट दूर उछलकर जा गिरी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना का समय और स्थान

यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। तीनों महिलाएं — प्रिया साहू (30), रिया बंजारे और ललिता साहू — तेलीबांधा ब्रिज के पास सड़क किनारे वॉक कर रही थीं। तभी शहर से हाइवे की ओर जा रही एक तेज रफ्तार सफेद कार ने उन्हें एक के बाद एक चपेट में ले लिया।

सिर पर गहरी चोट, मौके पर अफरा-तफरी

प्रिया साहू को टक्कर लगते ही वह हवा में उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरी और सड़क पर सिर के बल गिरीं। सिर फटने से वह बुरी तरह घायल हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने प्रिया को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो महिलाओं में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, उसके सिर में भी गहरी चोटें आई हैं, जबकि तीसरी महिला को हाथ-पैर और शरीर पर चोटें आई हैं।

हादसे के बाद कार चालक फरार

घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि एक्सीडेंट के तुरंत बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका, बल्कि तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि ड्राइवर नशे में हो सकता है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

पीड़ित महिलाएं किराए पर रहती थीं, परिवार का रो-रो कर बुरा हाल

तीनों महिलाएं तेलीबांधा क्षेत्र की गली नंबर 5 में किराए से रहती थीं। वे नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक के लिए निकला करती थीं। मृतक महिला प्रिया का एक परिवार भी है, जो हादसे के बाद सदमे में है। पुलिस ने फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और इलाके के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।