जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान के लिए सूरजपुर में शिविर, 40 बच्चों में मिला हृदय रोग, इलाज होगा निःशुल्क
सूरजपुर। जिला प्रशासन सूरजपुर द्वारा श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर के सहयोग से, एसईसीएल की परियोजना “धड़कन” और आरबीएसके, स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय बाल हृदय परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्यमंत्री बाल संदर्भ कार्यक्रम के तहत गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की भी स्वास्थ्य जांच की गई और जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान की गई।
जिला कलेक्टर एस. जयवर्धन ने बताया कि चिन्हांकित बच्चों का इलाज श्री सत्य साई हॉस्पिटल, रायपुर में पूर्णतः निःशुल्क कराया जाएगा।
इस शिविर में 155 से अधिक परिवारों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 84 बच्चों का इकोकार्डियोग्राफी परीक्षण किया गया। इनमें से 40 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण मिले, जैसे सांस लेने में परेशानी, जल्दी थकान होना, उम्र के अनुसार वजन न बढ़ना आदि।
शिविर में रायपुर से आए बाल हृदय रोग विशेषज्ञों और जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने परीक्षण किया। साथ ही, 71 गंभीर कुपोषित बच्चों की भी जांच की गई।
ग्राम उमेशपुर से आईं ज्योति ठाकुर ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित होते हैं। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से रायपुर जैसे शहरों में इलाज के लिए जाना बेहद कठिन होता है। ग्राम सोनपुर की संतोषी सिंह, सूरजपुर की सोनिया देवांगन, और चंद्रपुर की चंद्रपति देवांगन ने भी इस प्रयास के लिए जिला प्रशासन और एसईसीएल का आभार जताया।
