अक्षय तृतीया पर खुला गंगोत्री और यमुनोत्री धाम का द्वार, शुरू हुई चार धाम यात्रा

अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही आधिकारिक रूप से छह महीने तक चलने वाली चार धाम यात्रा की शुरुआत हो गई है। गंगोत्री धाम में एक हजार से अधिक और यमुनोत्री धाम में दस हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहले दिन दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं के जयकारों और सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच धामों का माहौल भक्तिमय हो गया।

सुबह सबसे पहले मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा गांव से गंगोत्री धाम पहुंची। धाम में राजपूताना राइफल्स के बैंड की धुनों के बीच पूजा-अर्चना हुई और मंदिर परिसर पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए गए।

इसके बाद 11:55 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत रूप से खोले गए। मां यमुना की उत्सव डोली के साथ उनके भाई यमराज की प्रतीक डोली भी उन्हें विदा करने के लिए धाम पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां यमुना का स्वागत किया गया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। अब आगामी चरणों में 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।