तेज हवाओं और ओलावृष्टि से छत्तीसगढ़ में मौसम ने ली करवट, राहत की बारिश

छत्तीसगढ़ के कोरबा, कवर्धा और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को गर्मी से राहत दी। ओलावृष्टि ने सड़कों को सफेद चादर से ढक दिया, जिससे मौसम में ठंडक का अहसास हुआ। कवर्धा जिले में भी तेज हवाओं और झमाझम बारिश के बाद ओलावृष्टि ने तापमान में भारी गिरावट ला दी। यहां अधिकतम तापमान 46°C तक पहुंचने के बाद अब यह घटकर 37°C हो गया है।

इसके अलावा, बारिश और तेज हवाओं के कारण वनांचल क्षेत्र के दो दर्जन से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़ के छह जिलों – बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर में येलो अलर्ट जारी किया था। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा हुई है। दुर्ग में सर्वाधिक तापमान 42.4°C रहा, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 21.1°C दर्ज किया गया।