भारतीय नागरिक बने बैठे थे पाकिस्तानी नागरिक, रायगढ़ में पकड़े गए
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो पाकिस्तानी भाई-बहन के खिलाफ फर्जी तरीके से भारतीय मतदाता पहचान पत्र बनवाने के आरोप में कार्रवाई की गई है। दोनों के पास वैध पासपोर्ट और लॉन्ग टर्म वीजा (LTV) था, लेकिन बिना भारतीय नागरिकता के वोटर कार्ड बनवाने पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, बाहरी राज्यों से आए लोगों के दस्तावेजों की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कोडातराई स्थित याकूब शेख के मकान में दो पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं।
जांच में बड़ा खुलासा
पूछताछ में सामने आया कि अर्निश शेख (25 वर्ष) और इफ्तिखार शेख (29 वर्ष) भाई-बहन हैं और पाकिस्तान के नागरिक हैं। दोनों ने भारत निर्वाचन आयोग के फॉर्म नंबर 6 में गलत जानकारी देकर अवैध रूप से मतदाता पहचान पत्र बनवा लिया था।
पासपोर्ट और वीजा वैध, वोटर कार्ड फर्जी
मौके पर दस्तावेजों की जांच में पाया गया कि उनके पास पाकिस्तान का वैध पासपोर्ट और लॉन्ग टर्म वीजा है, लेकिन मतदाता कार्ड फर्जी तरीके से बनवाया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने अर्निश और इफ्तिखार के खिलाफ IPC की धारा 199, 200, 419, 467, 468, 34 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पाकिस्तान में हुआ जन्म, भारत में रह रहे थे
थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि दोनों के जन्म पाकिस्तान के कराची के लांडी इलाके में हुआ था। उनकी मां भारत में विवाह के बाद डिलीवरी के लिए पाकिस्तान गई थीं। मां का अब निधन हो चुका है। दोनों बिना भारतीय नागरिकता प्राप्त किए रायगढ़ के कोडातराई में रह रहे थे।

रविवार को चला व्यापक सर्चिंग अभियान
रविवार को रायगढ़ की कोतवाली पुलिस ने इंदिरा नगर और आसपास के इलाकों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 50 लोगों को दस्तावेज जांच के लिए थाने लाया गया। इनमें अधिकांश लोग पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और अन्य जिलों से आए मजदूर थे, जो रोजगार के लिए रायगढ़ में रह रहे हैं।
