देश में मौसम का दोरंगा मिजाज: 25 राज्यों में हीटवेव, वहीं सिक्किम में बारिश से लैंडस्लाइड, 1000 पर्यटक फंसे

देश में इस वक्त मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है। एक ओर जहां 25 राज्यों में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश आफत बन गई है। खासकर सिक्किम में लगातार बारिश के चलते लैंडस्लाइड की वजह से करीब 1,000 पर्यटक फंस गए हैं।

सिक्किम में लैंडस्लाइड, पर्यटक गुरुद्वारे में शरण लिए
राजधानी गंगटोक से लगभग 100 किमी दूर लाचेनचुंगथांग रोड पर मुंशीथांग और लेमा/बॉब इलाके में भूस्खलन की वजह से करीब 200 गाड़ियों में सवार पर्यटक रास्ते में फंस गए। सभी को नजदीकी एक गुरुद्वारे में अस्थायी रूप से ठहराया गया है।
प्रभावित इलाकों में लाचुंग और लाचेन जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशन भी शामिल हैं, जो गुरुडोंगमार झील और युमथांग घाटी के लिए जाने जाते हैं। प्रशासन ने अगले आदेश तक पर्यटकों के आने पर रोक लगा दी है और सभी ट्रैवल परमिट रद्द कर दिए गए हैं।

अरुणाचल में जंगल में आग, प्रशासन ने पाया काबू
दूसरी तरफ, अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले के दिरांग क्षेत्र में जंगलों में भीषण आग लग गई। गुरुवार रात सोशल मीडिया पर आए वीडियो में पहाड़ों पर आग की लपटें साफ देखी गईं। हालांकि, पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।

हीटवेव का कहर, स्कूलों का बदला समय
देश के 25 राज्यों में हीटवेव का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने तेलंगाना, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए झारखंड सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है – अब KG से 8वीं तक की क्लास सुबह 7 से 11:30 बजे तक और सीनियर क्लासेज 12 बजे तक होंगी।

दिल्ली का पारा 42 डिग्री तक पहुंचेगा
दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।
महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में गुरुवार को तापमान 45.9 डिग्री दर्ज हुआ, जो देश में सबसे ज्यादा था। हालांकि, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट जारी
सिक्किम, अरुणाचल, असम, मेघालय समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। साथ ही जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

अगले 3 दिन का मौसम अपडेट:

  • हीटवेव अलर्ट (28 अप्रैल तक): राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तर प्रदेश

  • भीषण गर्मी (26 अप्रैल तक): बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल

  • भारी बारिश (27 अप्रैल तक): अरुणाचल, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed