कश्मीर में लश्कर से जुड़े दो आतंकियों के घरों में धमाका, LOC पर पाकिस्तान की फायरिंग; पहलगाम हमले के बाद हालात तनावपूर्ण

कश्मीर घाटी में शुक्रवार को हुए सुरक्षा अभियानों और सीमावर्ती घटनाओं ने फिर से माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। पहलगाम हमले से जुड़े लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों के घरों में उस समय जोरदार धमाका हो गया जब वहां तलाशी अभियान चल रहा था।

लश्कर के आतंकियों के घर में धमाका
सेना सूत्रों के अनुसार, त्राल में आतंकवादी आसिफ शेख और बिजबेहरा (अनंतनाग) में आदिल ठोकेर के घर पर शुक्रवार सुबह सर्च ऑपरेशन चल रहा था। तलाशी के दौरान दोनों ठिकानों पर विस्फोटक मिलने की पुष्टि हुई। जवानों ने सुरक्षा को देखते हुए खुद को पीछे कर लिया, जिसके तुरंत बाद धमाका हुआ। इन धमाकों में दोनों घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गए।

बांदीपोरा में मुठभेड़, एक आतंकी ढेर
इसी दिन बांदीपोरा में जारी एक मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है। मुठभेड़ के दौरान दो भारतीय जवान भी घायल हुए हैं। इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सुबह से ही सर्च ऑपरेशन चल रहा था।

LOC पर पाकिस्तान की फायरिंग, भारतीय सेना का जवाब
शुक्रवार सुबह पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर कई स्थानों पर सीजफायर का उल्लंघन करते हुए फायरिंग की। भारतीय सेना ने भी तत्काल और सटीक जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग की इस कार्रवाई को हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले से जोड़कर देखा जा रहा है।

22 अप्रैल को हुआ था पहलगाम हमला
22 अप्रैल को कश्मीर की बैसरन घाटी, पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया था। इस हमले में अब तक 27 पर्यटकों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट पर है और लगातार तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।

सेना प्रमुख और राहुल गांधी पहुंच रहे कश्मीर
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी शुक्रवार को श्रीनगर पहुंच चुके हैं। यहां उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की और घाटी की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उन्हें 15 कॉर्प्स कमांडर ने आतंकवाद विरोधी अभियानों और LOC पर पाकिस्तान की हरकतों की जानकारी दी।
जनरल द्विवेदी शुक्रवार को ही पहलगाम भी जाएंगे, जहां वे अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शुक्रवार को पहलगाम हमले में घायल लोगों से मिलने के लिए अनंतनाग रवाना हो चुके हैं।

सिंधु जल संधि पर अहम बैठक
इधर, दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर सिंधु जल संधि को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। भारत ने गुरुवार को पाकिस्तान को इस संधि को स्थगित करने की जानकारी पहले ही दे दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed