CG BREAKING : भाजपा नेता रतन दुबे हत्याकांड, कांग्रेस नेता शिवानंद नाग को NIA ने किया गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से ठीक तीन दिन पहले नारायणपुर जिले में भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या कर दी गई थी। अब इस मामले में बड़ा मोड़ आया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आज नारायणपुर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव शिवानंद नाग को रायपुर से गिरफ्तार किया है।
एनआईए इस हत्याकांड की जांच पहले से कर रही है और पहले ही इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शिवानंद नाग की गिरफ्तारी को लेकर एजेंसी की टीम अब उन्हें जगदलपुर स्थित एनआईए कोर्ट में पेश करने की तैयारी में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि 4 नवंबर 2023 को भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या उस समय की गई थी, जब वे नारायणपुर जिले के कौशलनार गांव के साप्ताहिक बाजार में चुनाव प्रचार कर रहे थे। नक्सलियों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी थी। यह हमला स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने और इलाके में दहशत फैलाने की मंशा से किया गया था।
स्थानीय पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या में नक्सलियों के शामिल होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 23 फरवरी 2024 को एनआईए ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।
NIA ने 5 जून 2024 को इस मामले में आरोपी धन सिंह कोर्राम के खिलाफ पहली चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद 20 दिसंबर 2024 को तीन अन्य आरोपियों—सैनूराम कोर्राम, लालूराम कोर्राम और एक सशस्त्र माओवादी कैडर के खिलाफ भी चार्जशीट दायर की गई थी। ये सभी प्रतिबंधित संगठन CPI (माओवादी) से जुड़े हुए बताए गए हैं।
शिवानंद नाग की गिरफ्तारी इस केस में राजनीतिक कनेक्शन की संभावना को और गहरा करती है। अब सभी की नजरें NIA की आगामी कार्रवाई और कोर्ट में पेश किए जाने वाले सबूतों पर टिकी हैं।