अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पहुंचे भारत: परिवार संग अक्षरधाम पहुंचे, पीएम मोदी करेंगे डिनर होस्ट
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सोमवार को अपनी पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चों इवान, विवेक और मीराबेल के साथ भारत के आधिकारिक दौरे पर पहुंचे। दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर वेंस का सुबह 9:45 बजे गर्मजोशी से स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें रिसीव किया, जहां वेंस को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया और कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य से परिवार का अभिनंदन किया।
13 साल में यह किसी अमेरिकी उपराष्ट्रपति का पहला भारत दौरा है। पिछली बार 2013 में जो बाइडेन उपराष्ट्रपति रहते भारत आए थे। वेंस का यह दौरा दोनों देशों के लिए रणनीतिक और व्यापारिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।
परिवार संग अक्षरधाम मंदिर पहुंचे वेंस
वेंस और उनका परिवार एयरपोर्ट से सीधे अक्षरधाम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान स्वामीनारायण के दर्शन किए। मंदिर की प्रवक्ता राधिका शुक्ला ने बताया कि वेंस परिवार की अगवानी खास पारंपरिक अंदाज में की गई। वेंस के बच्चे भारतीय परिधान में नजर आए, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।

पीएम मोदी देंगे खास डिनर
सोमवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति वेंस और उनके परिवार के सम्मान में डिनर होस्ट करेंगे। इसके साथ ही वेंस की मुलाकात विदेश मंत्री एस. जयशंकर, NSA अजित डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा से भी तय है।
दौरे के दो बड़े उद्देश्य
-
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता:
वेंस का यह दौरा द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य के तहत अहम माना जा रहा है। व्यापार, आयात शुल्क और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने पर चर्चा की जाएगी। -
टैरिफ तनाव को कम करना:
ट्रम्प प्रशासन की अप्रैल 2025 की 26% टैरिफ नीति के बाद भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में तनाव आ गया था। वेंस की यात्रा से उम्मीद की जा रही है कि इस मुद्दे पर नए सिरे से बातचीत शुरू होगी और समाधान की दिशा में प्रगति होगी।
वेंस की यह यात्रा सिर्फ एक औपचारिक दौरा नहीं, बल्कि भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।
