तीन साल की बच्ची की किडनी से 3 किलो विल्म्स ट्यूमर की सफल सर्जरी, DKS अस्पताल में डॉक्टरों की मेहनत रंग लाई
डीकेएस अस्पताल में एक तीन साल की बच्ची की किडनी से 3 किलो विल्म्स ट्यूमर की सफल सर्जरी की गई है। यह जटिल सर्जरी पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने की, जिसमें ट्यूमर बाईं किडनी के निचले भाग से बाहर की ओर बढ़ रहा था। ट्यूमर प्रमुख रक्त वाहिकाओं, महाधमनी और निचली महाशिरा के पास था, जिसके कारण बच्ची के पेट में सूजन और असहनीय दर्द हो रहा था।
डीकेएस अस्पताल में लाए जाने के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की सर्जरी की। पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के डॉक्टर नितिन शर्मा ने बताया कि यह सर्जरी काफी जटिल और जोखिमपूर्ण थी। ट्यूमर का किडनी और रक्त वाहिकाओं से जुड़ाव था, लेकिन सावधानीपूर्वक सर्जरी करके ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से निकाला गया।
क्या है विल्म्स ट्यूमर?
विल्म्स ट्यूमर (नेफ्रोब्लास्टोमा) एक दुर्लभ कैंसर है जो बच्चों में पाया जाता है, खासकर पांच साल से कम उम्र के बच्चों में। अगर इसका समय पर पता चले और इलाज हो, तो ठीक होने की संभावना काफी अधिक होती है। यह कैंसर एक किडनी पर होता है, लेकिन कभी-कभी दोनों किडनियों को भी प्रभावित कर सकता है।
इस सर्जरी टीम में शामिल डॉक्टर नितिन शर्मा, डॉक्टर क्षिप्रा शर्मा और डॉक्टर दीपक सिंह ने बताया कि यह बीमारी लड़कियों में थोड़ा अधिक आम है और कुछ मामलों में यह जेनेटिक भी हो सकता है।
