फिनिक्स सर्कस के संचालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना, जीईमार्ग में शासकीय संपत्ति का विरूपण करने पर कार्रवाई

रायपुर – नगर पालिक निगम रायपुर के जोन 7 नगर निवेश विभाग द्वारा जीईमार्ग के आमापारा क्षेत्र में फिनिक्स सर्कस के संचालक पर शासकीय संपत्ति का विरूपण करने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा के आदेश और अपर आयुक्त यू. एस. अग्रवाल एवं जोन कमिश्नर रमाकांत साहू के निर्देशों के तहत की गई।

संबंधित फिनिक्स सर्कस (जो कि 7, 8, 9 फरवरी 2025 को सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा) के संचालक ने विद्युत पोलों पर प्रचार विज्ञापन लगाए थे, जो शासकीय संपत्ति के विरूपण के तहत आते हैं। इस पर नोटिस जारी करते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और संबंधित व्यक्ति से शपथ पत्र लिया गया कि वह भविष्य में ऐसा नहीं करेगा।

यदि जुर्माना राशि निगम के कोष में जमा नहीं की जाती है, तो इस मामले में संबंधित फिनिक्स सर्कस के संचालक के खिलाफ थाना में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।