प्रधानमंत्री मोदी ने महाकुंभ में संगम में डुबकी लगाकर की गंगा पूजा, सीमित कार्यक्रम में किया श्रद्धालुओं को सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रयागराज के पवित्र संगम में डुबकी लगाई। भगवा रंग के वस्त्र पहनकर, हाथ और गले में रुद्राक्ष की मालाएं धारण किए मोदी ने मंत्रोच्चार के बीच संगम में अकेले स्नान किया। इसके बाद उन्होंने सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हुए गंगा पूजा की, जिसमें मां गंगा को दूध अर्पित किया और साड़ी चढ़ाई।

संगम स्नान के बाद सोशल मीडिया पर पीएम मोदी ने लिखा, “महाकुंभ में आज पवित्र संगम में डुबकी लगाकर मैं भी करोड़ों लोगों की तरह धन्य हुआ। मां गंगा सभी को असीम शांति, बुद्धि, सौहार्द और अच्छा स्वास्थ्य दें।”

पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ रहे। उन्होंने संगम स्नान के बाद बिना किसी से मुलाकात किए महाकुंभ में श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए कार्यक्रम को संक्षिप्त रखा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच पीएम मोदी ने संगम पर पूजा की और फिर बोट से अरैल घाट पहुंचे।

उनके महाकुंभ दौरे को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, और यह उनके 54 दिनों में हुआ दूसरा दौरा था।