दही हांड़ी प्रतियोगिता के दौरान 12 घायल , अस्पताल में ईलाज जारी…

मुंबई ,19 अगस्त 2022 : देश में पुरे दो वर्ष के बाद कोरोना महामारी से राहत मिली हैं। इस बीच महाराष्ट्र में आज शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर दही हांड़ी प्रतियोगिता रखी गई थी। प्रतियोगिता के दौरान 12 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है । यह त्योहार मुंबई महानगरीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्सव के दौरान दोपहर तक 12 लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनमें से पांच को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि सात अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है। घायलों में से पांच का इलाज नायर अस्पताल में, चार का पोद्दार अस्पताल में, एक-एक का केईएम अस्पताल, ट्रॉमा केयर अस्पताल और कांदिवली के पश्चिमी उपनगर में स्थित डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अस्पताल में किया गया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में घोषणा की थी कि उनकी सरकार ने लोकप्रिय उत्सव दही हांडी को साहसिक खेल का दर्जा देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों या उनके परिवारों को मानव पिरामिड बनाने के दौरान किसी खिलाड़ी के हताहत होने की स्थिति में मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि मानव पिरामिड बनाने के दौरान किसी प्रतिभागी की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो जाती है तो उसके परिवार को 10 लाख रूपये की अनुग्रह राशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी के गंभीर रूप से घायल हो जाने पर सात लाख रूपये तथा मामूली रूप से घायल होने पर पांच लाख रूपये दिये जाएंगे।