दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा की स्मृति में अहिवारा के शासकीय महाविद्यालय का होगा नामकरण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धांजलि सभा में की घोषणा, ‘गुरुजी’ के जनसेवा और सामाजिक योगदान को किया याद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अहिवारा के दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान का स्मरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपना जीवन समाजसेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोग उन्हें स्नेहपूर्वक ‘गुरुजी’ कहकर पुकारते थे। यह संबोधन उनके प्रति लोगों के सम्मान, विश्वास और आत्मीयता को दर्शाता था। अपने व्यवहार और जनसेवा के कार्यों से उन्होंने समाज के हर वर्ग के बीच विशिष्ट पहचान बनाई। उनकी सेवा भावना और सभी को साथ लेकर चलने की सोच आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा से जुड़े आत्मीय प्रसंग साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उपचार के लिए हैदराबाद में भर्ती रहने के दौरान उन्होंने स्वयं फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी हैदराबाद जाकर उनका कुशलक्षेम जानने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन उनका असमय निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक के रूप में डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने हमेशा क्षेत्र के विकास और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। उनकी स्मृतियों और जनसेवा की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से अहिवारा के शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। यह उनके प्रति प्रदेश सरकार और क्षेत्र की जनता की ओर से सम्मान का प्रतीक होगा।

श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और जगदलपुर विधायक किरण देव ने भी स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज और क्षेत्र के लिए उनके योगदान को नमन किया।