रील बनाने के दौरान नदी में कूदा युवक, डूबने से मौत; दोस्त बनाते रहे वीडियो
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। अहिरन नदी में छलांग लगाने के बाद युवक पानी में डूबता रहा, लेकिन किनारे खड़े उसके दोस्त इसे मजाक और स्टंट समझकर वीडियो बनाते रहे। इस दर्दनाक घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।
मृतक की पहचान निखिल सिंह (25) के रूप में हुई है, जो SECL कुसमुंडा में पदस्थ डंपर ऑपरेटर का बेटा बताया जा रहा है। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र की है। मंगलवार से लापता निखिल का शव करीब 48 घंटे बाद बुधवार देर शाम नदी से बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार निखिल मंगलवार दोपहर अपने तीन दोस्तों के साथ अहिरन नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया रील बनाने के लिए ऊंचाई से नदी में छलांग लगाई। उसके दोस्त मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करने लगे।
सामने आए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि छलांग लगाने के बाद निखिल करीब तीन मिनट तक पानी में हाथ-पैर मारता रहा। दोस्तों को लगा कि वह तैराकी कर रहा है और मजाक कर रहा है, इसलिए किसी ने तत्काल मदद नहीं की। कुछ देर बाद जब वह पूरी तरह पानी में डूब गया तब दोस्तों को घटना की गंभीरता का एहसास हुआ।
घटना के बाद घबराए दोस्तों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बुधवार को खराब मौसम के कारण कुछ समय के लिए रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा, लेकिन बाद में निखिल का शव पानी की सतह पर दिखाई दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया गया। मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और रील बनाने के बढ़ते क्रेज को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
