गुढियारी में महिला तस्कर रंगे हाथ पकड़ी गई: एक्टिवा में ले जा रही थी 88 पौवा अवैध शराब

गुढियारी थाना पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने एक महिला तस्कर को एक्टिवा में अवैध शराब ले जाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि सोनिया नाम की एक महिला एक्टिवा वाहन (क्रमांक CG04MN0496) में अवैध रूप से देशी शराब लेकर बिक्री के लिए जा रही है। सूचना मिलते ही गुढियारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को एक बैग के साथ पकड़ा।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम मयुरी धनगर उर्फ सोनिया, पिता ओमप्रकाश धनगर, उम्र 29 वर्ष, निवासी बजरंग नगर, गोगांव, थाना गुढियारी, रायपुर बताया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके बैग से 88 पौवा देशी मसाला मदिरा बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹8,800 है।

इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा वाहन जिसकी कीमत ₹70,000 बताई जा रही है, को भी जब्त कर लिया गया है। गुढियारी थाना में महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 265/25 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा है और अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में इसे अहम कदम माना है।