रायपुर कलेक्टर क्यों घूमे ई-रिक्शा से ?

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने की सवारी, यूपीआई से किया ऑनलाइन भुगतान

जिला जनसंपर्क कार्यालय, रायपुर

दिनांक: 12 फरवरी 2026

नवा रायपुर की सड़कों पर आज एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन ने एक पिंक ई-रिक्शा की सवारी की। अवसर था आरंग ब्लॉक के दौरे का, जहां निरीक्षण के दौरान कलेक्टर की नजर सड़क से गुजरते पिंक ई-रिक्शा पर पड़ी।

कलेक्टर ने रिक्शा रुकवाकर उसमें सवारी करने का आग्रह किया, जिसे महिला चालक ने सहर्ष स्वीकार किया। ग्राम रीको से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होते हुए ग्राम पंचायत परसदा तक लगभग 12 किलोमीटर की यात्रा इसी ई-रिक्शा से की गई। इस दौरान अधिकारियों ने वीबी जी राम जी के कार्यों तथा ग्राम पंचायत परसदा का निरीक्षण भी किया।

 महिला चालक से संवाद

सवारी के दौरान कलेक्टर ने कोटरभाटा (आरंग) निवासी श्रीमती सीतू कोसले से उनकी आय एवं कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली।
सीतू ने बताया कि ई-रिक्शा संचालन से उन्हें प्रतिमाह 20 हजार रुपये से अधिक की आय हो रही है।

“परिवार भी खुश है और मैं भी आत्मनिर्भर होकर संतुष्ट हूं। इस आय से मैं अपने स्वास्थ्य पर खर्च कर रही हूं और परिवार में योगदान भी दे पा रही हूं।”

यात्रा समाप्त होने पर दोनों अधिकारियों ने किराया पूछकर यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान किया तथा महिला चालक का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी महिला शक्ति समाज की वास्तविक ताकत है।

 ‘बिहान’ योजना से सशक्त हो रहीं महिलाएं

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में ‘बिहान’ योजना तथा एनआरडीए के तहत अभनपुर और आरंग ब्लॉक की 40 महिलाओं को 40 इलेक्ट्रिक ऑटो निःशुल्क प्रदान किए गए हैं।

यह पहल नवा रायपुर में यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन रही है।

 डिजिटल और पर्यावरण हितैषी पहल

  • पिंक ई-रिक्शाओं का ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म ‘रेपिडो’ से टाई-अप
  • मोबाइल ऐप के माध्यम से आसान बुकिंग
  • किफायती दरें
  • पूर्णतः इलेक्ट्रिक संचालन

यह पहल महिला सशक्तिकरण, हरित परिवहन और डिजिटल कनेक्टिविटी—इन तीनों आयामों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। साथ ही महिलाएं डिजिटल रूप से सशक्त और आत्मविश्वासी बन रही हैं।