पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
कोलकाता।
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा की एक और बड़ी घटना सामने आई है। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने चंद्रनाथ पर ताबड़तोड़ करीब 10 राउंड फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। टीम ने मौके से सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया गया है।
