छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने की संभावना, तापमान में गिरावट की आशंका

छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच फिर मौसम में बदलाव आने वाला है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से कल यानी 19 मार्च से 21 मार्च तक रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। बारिश के बाद अगले तीन दिन तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है। फिलहाल अगले 24 घंटे तापमान स्थिर रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, हरियाणा-उत्तर प्रदेश के ऊपर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण एक सिस्टम बना हुआ है, जिसकी वजह से तीन दिन प्रदेश में बादल और बारिश की स्थिति बन रही है।

सोमवार को रायपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर 18.5 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। रायपुर में पारा 39 डिग्री के पार रहा।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है। सोमवार को पारा 39.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान भी 26.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 4.7 डिग्री ज्यादा था। बिलासपुर में दिन का पारा 38 डिग्री के पार पहुंचा, जहां सोमवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो नॉर्मल से 5.2 डिग्री ज्यादा था।

गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिले में दिन का पारा 35.3 डिग्री रहा, जो औसत से 1.7 डिग्री अधिक था। रात का तापमान 21.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री ज्यादा था।

सरगुजा संभाग के जिलों में भी दिन का पारा सामान्य से ज्यादा रहा, लेकिन पिछले दिनों की तेज गर्मी से हल्की राहत मिली है। सोमवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 1.7 डिग्री ज्यादा था। रात का तापमान 18.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था। जगदलपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा, जहां दिन-रात का तापमान सोमवार को सामान्य से ज्यादा रहा। अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री रहा, जो औसत से 2.9 डिग्री ज्यादा था, वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था।