लोक भवन में धूमधाम से मनाया जाएगा उत्कल दिवस, संस्कृति और परंपरा का होगा भव्य संगम

रायपुर। छत्तीसगढ़ सर्व उड़िया समाज द्वारा 1 अप्रैल 2026 को उत्कल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। राजधानी रायपुर के लोक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में उड़ीसा की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक एवं सर्व उड़िया समाज के प्रदेश अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा करेंगे। आयोजन में प्रदेश के गणमान्य अतिथि, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में उड़िया समाज के लोग शामिल होंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय करेंगे। कार्यक्रम में सांसद, मंत्री, जनप्रतिनिधि, नगर निगम एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
उत्कल दिवस समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की विशेष झलक देखने को मिलेगी, जिसमें उड़िया गीत, भजन, ओडिसी नृत्य, संबलपुरी नृत्य सहित विविध रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही समाज के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का राज्यपाल के हाथों सम्मान भी किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम उड़िया समाज की एकता, सांस्कृतिक पहचान और समर्पण का प्रतीक बनेगा। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में निवास कर रहे उड़िया समाज के लिए यह दिवस गौरव और उत्सव का अवसर है।
ज्ञात हो कि 1 अप्रैल 1936 को ओडिशा राज्य का गठन हुआ था, जिसे हर वर्ष उत्कल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

You may have missed