छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। रायपुर की दो महिलाओं राखी ध्रुव और पूनम नायक ने 151 ग्रामीण महिलाओं को आटा चक्की लगवाने और स्वरोजगार देने का झांसा देकर करीब 70 लाख रुपए ठग लिए।
2024 में आरोपियों ने महासमुंद शहर, ग्राम मुड़ियाडीह और आरंग क्षेत्र में 10-10 महिलाओं के समूह बनाकर प्रत्येक को आटा चक्की स्थापित कराने और 6 हजार रुपए मानदेय देने का वादा किया। इसके बाद महिलाओं को 40-40 हजार रुपए का बैंक लोन लेने को कहा गया और फिर वह लोन की राशि खुद रख ली गई।
शुरुआत में कुछ महीनों तक आरोपियों ने बैंक की किश्तें भरकर भरोसा बनाए रखा, लेकिन 6 महीने बाद किस्तें भरना बंद कर दीं। जब बैंक ने महिलाओं से राशि वसूलने का दबाव बनाया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ितों की शिकायत पर दोनों आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है।
ठगी की राशि:
-
महासमुंद की 50 महिलाओं से 28.38 लाख
-
आरंग की 79 महिलाओं से 31.60 लाख
-
मुड़ियाडीह की 22 महिलाओं से 8.80 लाख
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले भी इसी तरह की धोखाधड़ी दुर्ग जिले के उतई क्षेत्र में की थी।
पीड़िता प्रिया देवांगन सहित कई महिलाओं ने बताया कि वे डर के कारण घरवालों को भी लोन लेने की बात नहीं बता सकीं। अब परिवार भी सदमे में हैं। एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडे ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य ठगी की घटनाओं की भी पड़ताल की जा रही है।