दर्दनाक सड़क हादसा : बाइक सवार सड़क पर पड़ा तड़पता रहा, मदद करने की जगह वीडियो बनाते रहे लोग…
रायपुर, 20 जून 2022 : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है जहाँ रविवार देर रात तेज रफ्तार हाइवा ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार सड़क पर पड़ा तड़पता रहा, पर वहां खड़े कोई भी व्यक्ति उसके मदद के लिये आगे नहीं आया। इसके चलते युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि समय पर अस्पताल ले जाने पर युवक की जान बच सकती थी।
जानकारी के अनुसार, कोरबा में उरगा क्षेत्र के तिलकेजा निवासी राम लाल कंवर (35) एक कंपनी में काम करता था, नेशनल हाईवे-49 पर रायगढ़ की ओर से आ रही हाइवा ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा।
जिसके बाद हादसा होते देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हाइवा को जब्त कर चालक की तलाश कर रही है।
