शिंजो की हत्या के बाद इस प्रधानमंत्री को मिली जान से मारने की धमकी…
नई दिल्ली 09 जुलाई 2022 : जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दुनियाभर में शोक की लहर है। इस बीच सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग को एक व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी है। सिंगापुर के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री ली सीन लूंग के खिलाफ फेसबुक पर एक टिप्पणी पोस्ट कर हिंसा भड़काने के आरोप में एक 45 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के संबंध में एक पोस्ट पर वेब पोर्टल चैनल के फेसबुक पेज के कमेंट सेक्शन में यह धमकी दी गई थी। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को प्रधानमंत्री ली के खिलाफ हिंसा भड़काने की धमकी के संबंध में शुक्रवार दोपहर 3.10 बजे एक रिपोर्ट मिली थी। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद, पुलिस फेसबुक उपयोगकर्ता का पता लगाने में सफल रही और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से एक लैपटाप, एक टैबलेट और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस जांच जारी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि हिंसा के लिए उकसाने वाले को दोषी पाए जाने पर पांच साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकता है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ली ने शुक्रवार को आबे के निधन पर शोक व्यक्त किया था और हत्या को “हिंसा का मूर्खतापूर्ण कार्य” बताया।