रायपुर , 23 सितंबर 2022 : प्रदेश में बीते कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होगी और अगले एक-दो दिन यही स्थिति रहेगी। प्रदेश में अब तक 1,222 मिमी वर्षा हुई है। गुरुवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम सामान्य रहा।
बादल छाने के साथ हल्की वर्षा हुई। बीते कुछ दिनों से हो रही वर्षा के चलते मौसम में ठंडकता और तापमान में गिरावट आई है।
रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान सारंगढ़ में 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।