प्रदेश में 10 हजार शिक्षकों की होगी सीधी भर्ती , मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा…

रायपुर , 30 अगस्त 2022 : राज्य सरकार प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों के लिए 10 हजार शिक्षकों की सीधी भर्ती करने जा रहा है। शिक्षा विभाग ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है। संभावना है कि यह प्रस्ताव हफ्तेभर बाद यानी 6 सितंबर को प्रस्तावित भूपेश बघेल मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाए।
प्रस्ताव कैबिनेट में मंजूर होने के बाद अगले कुछ महीने में भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे पहले 2019 में शिक्षकों की सीधी भर्ती के लिए आवेदन मंगवाए गए थे। 14580 पोस्ट के लिए भर्ती प्रक्रिया 3 साल चली और कुछ दिन पहले ही अंतिम काउंसिलिंग भी हो गई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुछ दिन पहले ही शिक्षकों की भर्ती को लेकर घोषणा की थी, जिसके अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। भास्कर को मिली जानकारी के मुताबिक भर्ती में सर्वाधिक पद प्राइमरी कक्षाओं के टीचर्स यानी सहायक शिक्षक के लिए रहेंगे।
इनकी संख्या 5 हजार तक हो सकती है। मिडिल स्कूल के शिक्षकों के पद करीब 3 हजार रहेंगे। हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों में लेक्चरर नियुक्त होंगे, जिनकी संख्या 2 हजार के आसपास रहेगी, अर्थात कुल मिलाकर करीब 10 हजार पदों का प्रारूप तैयार किया गया है। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे आने वाली केबिनेट की मीटिंग में रखा जाएगा। इसकी तैयारी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *